सागर जिले की देवरी तहसील में 6 फरवरी को एससी-एसटी-ओबीसी संगठनों द्वारा किए गए यूजीसी समर्थन आंदोलन के दौरान लगाए गए कथित आपत्तिजनक नारों को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके विरोध में सोमवार दोपहर ब्राह्मण समाज संगठन और करणी सेना के कार्यकर्ता देवरी थाना परिसर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की।थाना परिसर में एफआईआर दर्ज न होने पर असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने एनएच-44 फोरलेन पर पहुंचकर लगभग दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आंदोलन के दौरान ब्राह्मण समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक नारे लगाए गए, जिससे समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर और हाईवे पर हनुमान चालीसा का पाठ किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीओपी रहली भी मौके पर पहुंचे और संवाद किया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया और यातायात पुनः बहाल हुआ।इस दौरान सर्व स्वर्ण समाज के कई सामाजिक बंधु भी मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।