मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नहर किनारे एक अज्ञात युवती का शव मिला। यह मामला थाना मगोर्रा इलाके के गांव लालपुर के पास लालपुर–सायपुर नहर पटरी का है। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे एक राहगीर नहर की पटरी से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर नहर किनारे पड़े एक युवती के शव पर पड़ी। यह देखते ही उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थोड़ी ही देर में वहां लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ गोवर्धन अनिल कुमार और थाना प्रभारी हरीश चौधरी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और युवती की शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवती की मौत कैसे हुई और शव यहां तक कैसे पहुंचा।थाना प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि सुबह शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।