मथुरा पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
मथुरा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल सोमवार को मथुरा पहुंचीं। उनका हेलीकॉप्टर पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान परिसर में उतरा, जहां बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, कुलपति डॉ. अभिजित मित्र, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने उनका स्वागत किया।राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई वॉल पेंटिंग का अवलोकन किया। इन चित्रों में जल संरक्षण, पौष्टिक आहार, प्रकृति संरक्षण, पशु क्रूरता रोकथाम, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की सुंदरता और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े विषयों को दर्शाया गया था। राज्यपाल ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए एक छात्र द्वारा बनाया गया पेंसिल स्केच भी स्वीकार किया।इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के अशोक गेस्ट हाउस में कार्य परिषद की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें विश्वविद्यालय की विभिन्न योजनाओं और प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी गई।बताया गया कि 10 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय का 15वां दीक्षांत समारोह आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। समारोह में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह विशिष्ट अतिथि और भारत सरकार के पशुपालन आयुक्त डॉ. नवीन बी. महेश्वरप्पा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।दीक्षांत समारोह में कुल 177 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 69 बीवीएससी एवं एएच, 74 स्नातकोत्तर, 5 पीएचडी और 29 बायोटेक्नोलॉजी की डिग्रियां शामिल हैं। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 14 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक दिए जाएंगे। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ शोधप्रबंध और सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की दो पुस्तकों, विश्वविद्यालय समाचार पत्र और पशुधन पत्रिका का लोकार्पण भी किया जाएगा। साथ ही 25 आंगनवाड़ी केंद्रों को अवसंरचना सुदृढ़ीकरण के लिए किट वितरित की जाएंगी और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना