टीकमगढ़ जिले के लिधौरा बाईपास स्थित शासकीय महाविद्यालय लिधौरा की नवनिर्मित भव्य बिल्डिंग का लोकार्पण आज उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जतारा विधायक हरिशंकर खटीक थे, जबकि इसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत ने की। 6 करोड़ 71 लाख की लागत से तैयार यह विशाल भवन अब क्षेत्र के छात्रों को आधुनिक और सुसज्जित शिक्षा का वातावरण प्रदान करेगा।लोकार्पण समारोह की शुरुआत बुंदेली लोकगायन की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुई। विधायक हरिशंकर खटीक के जन्मदिवस पर लोगों ने मिठाई खिलाकर, माला पहनाकर और शुभकामनाएं देकर उनका स्वागत किया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर भवन का लोकार्पण किया और कॉलेज के छात्र-छात्राओं पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया। इसके बाद उन्होंने कॉलेज प्रबंधन और छात्रों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और कॉलेज में बाउंड्री वॉल के लिए 20 लाख रुपए, पानी की व्यवस्था के लिए बोर निर्माण तथा फर्नीचर के लिए 10 लाख रुपए की स्वीकृति तत्काल प्रदान की।संबोधन में विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि लिधौरा और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। 2018 से संचालित यह महाविद्यालय अब भव्य और आधुनिक भवन में अपनी कक्षाएं संचालित करेगा, जो क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रत्येक छात्र को संसाधनयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है ताकि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई में कोई रुकावट न आए। अपने जन्मदिवस पर मिले सम्मान के लिए उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव जीवन तभी सार्थक है, जब उसमें अपने क्षेत्र के विकास के लिए कुछ कर गुजरने की ललक हो।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक खटीक के अथक प्रयासों से जतारा विधानसभा में विकास की गंगा बह रही है। शिक्षा, सड़क, सिंचाई और पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है, जिसका लाभ सीधे जनता को मिल रहा है।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार, जनभागीदारी अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह बुंदेला, प्राचार्य बृजेंद्र सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कॉलेज छात्र-छात्राएं और नगरवासी मौजूद रहे। सभी की उपस्थिति ने इस लोकार्पण समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।