भोपाल। भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के तत्वावधान में एलएनसीटी विश्वविद्यालय, भोपाल द्वारा कोलार रोड स्थित एलएनसीटी यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित वेस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।ओवरऑल प्रतियोगिता में लोक जागृति यूनिवर्सिटी, अहमदाबाद ने 8 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। मणिपाल यूनिवर्सिटी 7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि पारुल यूनिवर्सिटी, वडोदरा ने 4 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। एस.के.डी. यूनिवर्सिटी, हनुमानगढ़ 1 अंक के साथ चौथे स्थान पर रही।समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अनुपम चौकसे, कुलाधिपति जेएनसीटी प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, प्रो. डॉ. एन.के. थापक, वाइस चांसलर, डॉ. राजेश त्रिपाठी, चेयरमैन एआईसीपीई और पंकज कुमार जैन, स्पोर्ट्स डायरेक्टर एलएनसीटी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा विजेता, उपविजेता, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।व्यक्तिगत पुरस्कारों में लोक जागृति यूनिवर्सिटी के अजर पटेल को बेस्ट स्पाइकर, मणिपाल यूनिवर्सिटी के उत्कर्ष को बेस्ट सेटर तथा लोक जागृति यूनिवर्सिटी के आयुष चौधरी को बेस्ट लिब्रो का पुरस्कार प्रदान किया गया।इस अवसर पर प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रैफरी एवं ऑफिशियल्स को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही टूर्नामेंट डायरेक्टर प्रणव मजूमदार, टेक्निकल डायरेक्टर पी.एस. ठाकुर और रमेश बाबू विद्यार्थी को वॉलीबॉल खेल में उनके योगदान के लिए विशेष सम्मान दिया गया।टॉप-4 लीग मुकाबलों में लोक जागृति यूनिवर्सिटी ने मणिपाल यूनिवर्सिटी को 3-2, एस.के.डी. यूनिवर्सिटी को 3-2 और पारुल यूनिवर्सिटी को 3-1 से पराजित किया। वहीं मणिपाल यूनिवर्सिटी ने पारुल यूनिवर्सिटी को 3-0 और एस.के.डी. यूनिवर्सिटी को 3-0 से हराया। पारुल यूनिवर्सिटी ने भी एस.के.डी. यूनिवर्सिटी को 3-0 से मात दी।आयोजन समिति की ओर से डॉ. दारा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विश्वविद्यालयों, खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।