खरगोन । भारतीय पत्रकार संघ (एआईजे) द्वारा रविवार 1 फरवरी को खरगोन के अभ्युदय यूनिवर्सिटी कैंपस में राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान एवं कल्याण महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाया।कार्यक्रम में खरगोन पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रुहल, एसडीएम सत्येंद्र कटारे, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, धुलकोट विधायक केदार डावर, मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावे, वरिष्ठ पत्रकार अजीजुद्दीन शेख, प्रदेश अध्यक्ष सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।आयोजन के मुख्य अतिथि अयोध्या से पधारे संत रामलला सरकार रहे, जिनके मार्गदर्शन एवं संबोधन से कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्राप्त हुई। वहीं अनादी टीवी की चर्चित एंकर पारूल केसवानी ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान एवं कल्याण महोत्सव में कई राज्यों एवं मध्यप्रदेश के अनेक जिलों से आए पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन, रंजीत सिंह ठाकुर, अमीर शेख, श्याम कुशवाह सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकारगण मौजूद रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण को बढ़ावा देना रहा, जिसे सभी अतिथियों ने सराहनीय पहल बताया। आयोजन का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।