भीलवाड़ा जिले के मांडल क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। गंगाखेड़ा गांव में बने डंपिंग यार्ड से परेशान होकर ग्रामवासियों और गो-सेवकों ने सड़क पर जाम लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि डंपिंग यार्ड में फैला कचरा और प्लास्टिक की थैलियां खुले में पड़ी रहती हैं, जिन्हें आसपास घूमने वाली गायें खा लेती हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है।ग्रामीणों और गो-सेवकों का कहना है कि डंपिंग यार्ड में फैले कचरे को खाकर कई बार गायें बीमार पड़ चुकी हैं, इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर करीब दो घंटे तक धरना दिया।सूचना मिलने पर मौके पर एसडीएम और तहसीलदार पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर समझाइश के प्रयास किए। अधिकारियों ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार डंपिंग यार्ड को हटाने या उचित व्यवस्था करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।