उज्जैन। उज्जैन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 30 से अधिक यात्री ट्रेनों के प्लेटफार्म में परिवर्तन किया है। रेलवे द्वारा जारी किया गया यह नया प्लेटफार्म शेड्यूल 10 फरवरी से लागू किया जाएगा।इस संबंध में जानकारी देते हुए रतलाम रेलवे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर लगातार बढ़ रही भीड़ और यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि स्टेशन से गुजरने वाली कुल 31 यात्री ट्रेनों के प्लेटफार्म में बदलाव किया गया है।नए शेड्यूल के अनुसार 9 यात्री ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर 8 से संचालित किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर 5 और 6 से हटाकर प्लेटफार्म नंबर 8 पर शिफ्ट किया गया है। इस बदलाव से प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्रियों की भीड़ कम होगी और ट्रेनों के आवागमन में भी सुगमता आएगी।रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस नए प्लेटफार्म प्लान से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, स्टेशन पर अव्यवस्था कम होगी और ट्रेनों के संचालन में समय की भी बचत होगी। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेन का प्लेटफार्म नंबर अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।