महेश्वर | खरगोन (म.प्र.)
गांधी चौक स्थित शारदा सदन ग्रंथालय में सोमवार की रात देशभक्ति से ओतप्रोत एक भव्य संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। मां रेवा सुर संगम मंच के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देशप्रेम, त्याग और बलिदान को समर्पित गीतों ने श्रोताओं के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत कर दिया। कार्यक्रम देर रात तक चला और पूरा वातावरण सुरों व तालों के साथ देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मंच से एक के बाद एक देशभक्ति गीतों की सशक्त प्रस्तुतियां दी गईं। संस्था के सुनील गाडगे, मुकेश कौशल, विशाल तारे, मुकेश हिरवे, हर्षित शर्मा, सुरेश शिंदे, मनीषा बजाज एवं रेखा रन्सोरे ने अपनी सुमधुर गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।वीर जवानों के शौर्य, मातृभूमि की महिमा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को दर्शाते गीतों पर श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कई प्रस्तुतियों के दौरान श्रोता भावविभोर होकर झूमते नजर आए।कार्यक्रम में शारदा सदन ग्रंथालय के संरक्षक जितेंद्र नेगी, मनोज गौड, दिलीप सोनी, मनोज पाटीदार, दिलीप पाटीदार, श्याम सोनी, विवेक कंठाली, अनिल राठौर, खेमराज चौहान, प्रतिक महाजन सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने देर रात तक देशभक्ति संगीत का भरपूर आनंद लिया।संगीत संध्या के दौरान शारदा सदन ग्रंथालय परिसर अनुशासन, सौहार्द और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर मां रेवा सुर संगम मंच के पदाधिकारियों ने सभी कलाकारों, श्रोताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रप्रेरक सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।