खलघाट।
अमावस्या के पावन अवसर पर रविवार सुबह केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर खलघाट पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने पवित्र मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।नर्मदा स्नान के पश्चात केंद्रीय मंत्री ने तट पर स्थित शिवालयों में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मां नर्मदा की आरती उतारी और घाट पर बैठे भिक्षुओं को दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने अपनी स्वनिधि से घाट पर बनाए जा रहे टिन शेड का अवलोकन भी किया। उन्होंने बताया कि इस टिन शेड का निर्माण इसलिए किया जा रहा है ताकि भविष्य में धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और महात्माओं के ठहरने की समुचित व्यवस्था हो सके। इसके साथ ही यहां आमसभाओं के आयोजन की सुविधा भी उपलब्ध होगी।केंद्रीय मंत्री ने खलघाट स्थित दशहरा मैदान को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पूरे दशहरा मैदान को सीसी कराकर सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।