नरसिंहपुर। लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर आरोपी को नरसिंहपुर पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा करते हुए ऋषिकेश मीना ने बताया कि आरोपी लंबे समय से लोगों को अपने जाल में फंसा रहा था।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी देवकीनन्दन कपूर उर्फ देव, दिल्ली के रोहिणी जिले के बेगमपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। आरोपी लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम वसूलता था और बाद में संपर्क तोड़ देता था। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते से करीब 83 लाख रुपए की राशि जब्त की है।चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी एक प्रोफेशनल क्रिकेट खिलाड़ी भी है और दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से करीब 16 वर्षों से क्रिकेट खेल रहा था। साथ ही वह बच्चों को क्रिकेट की कोचिंग भी देता था।बताया जा रहा है कि आरोपी के साथ पहले खुद ठगी की घटना हुई थी, जिसके बाद उसने इसी तरीके को अपनाकर लोगों को ठगना शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 10 चेकबुक, 10 पासबुक, 7 एटीएम कार्ड, 2 आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कितने लोगों को अब तक ठगा गया है।