सनावद।
कर्तव्यनिष्ठा, त्वरित सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए खरगोन पुलिस के जवानों ने समय रहते CPR देकर एक राहगीर की जान बचाई।दिनांक 16 फरवरी 2026 को थाना सनावद क्षेत्र में भ्रमण के दौरान प्रआर गंभीर मीणा एवं आरक्षक श्रीकृष्ण बिरला ढकलगांव रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गिरकर अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया, जबकि पास ही एक महिला घबराई हुई खड़ी थी।स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आरक्षक श्रीकृष्ण बिरला ने बिना समय गंवाए अचेत व्यक्ति को तत्काल CPR देना शुरू किया, वहीं प्रआर गंभीर मीणा ने तुरंत डायल-112 एम्बुलेंस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई और प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि कुछ ही मिनटों में व्यक्ति की सांसें वापस आने लगीं।इसके बाद पुलिसकर्मियों की सहायता से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत उसकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया।पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल से एक अनमोल जीवन सुरक्षित हो सका। घटना के बाद परिजनों ने भावुक होकर पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया। यह घटना सिद्ध करती है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि संकट के समय मानवता की सच्ची मिसाल भी बनती है।