नागदा। कृषि दवा के छिड़काव से लहसुन की फसल खराब होने के मामले में कृषि विभाग की 5 सदस्यीय जांच टीम मंगलवार को मौके पर पहुंची। किसान द्वारा 12 जनवरी 2026 को अनुविभागीय अधिकारी, अनुविभागीय कार्यालय नागदा को की गई शिकायत के आधार पर यह जांच की गई। जांच टीम, जिसमें कृषि वैज्ञानिक और अन्य विभागीय अधिकारी शामिल थे, ग्राम कुंडला, तहसील उन्हेल, जिला उज्जैन में किसान के खेत पर पहुंची।यह मामला मंडी स्थित “किसान बाजार, लालघाटी, उन्हेल” से खरीदी गई कृषि दवा के छिड़काव के बाद लहसुन की फसल को हुए भारी नुकसान से जुड़ा है। जांच टीम ने किसान श्री मांगीलाल पिता देवजी के खेत का निरीक्षण किया, जहां खड़ी लहसुन की फसल में भारी नुकसान पाया गया।कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों द्वारा खेत में फसल की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन कर आवश्यक जानकारी दर्ज की गई। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि और किसान नेता मुकेश धानक सहित पंचों की उपस्थिति में पंचनामा भी तैयार किया गया। जांच के दौरान खेत में खड़ी लहसुन की फसल में झुलसने और खराब होने के स्पष्ट लक्षण पाए गए।अधिकारियों के अनुसार यह जांच किसान द्वारा कृषि दवा विक्रेता के खिलाफ की गई शिकायत के आधार पर की जा रही है। जांच रिपोर्ट तैयार कर सक्षम अधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी, जिसके बाद आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।वहीं किसान ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए।