सागर नगर निगम में पदस्थ 45 वर्षीय सफाई कर्मचारी डालचंद वाल्मीकि, निवासी राजीव नगर वार्ड, का इलाज के दौरान नागपुर में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार रविवार को नरयावली नाका मुक्तिधाम में किया गया।परिवार में सात बेटियाँ और उनकी माँ हैं। बेटे के अभाव में अंतिम संस्कार की मुखाग्नि बड़ी बेटी साधना ने दी। यह मार्मिक दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।साधना ने बताया कि उनके पिता को अचानक तेज बुखार आया। पहले उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर नागपुर भेजा गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। साधना ने कहा, "मैं सबसे बड़ी हूँ, बाकी बहनें छोटी हैं और पढ़ाई कर रही हैं। पिताजी के जाने के बाद घर चलाने वाला कोई नहीं बचा। मेरी सरकार से विनती है कि मुझे नौकरी दी जाए ताकि मैं अपनी बहनों की पढ़ाई और परिवार का खर्च संभाल सकूं।"परिवार की सभी बेटियाँ और उनकी माँ गहरे शोक में हैं। क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार की तत्काल सहायता की मांग की है।