खरगोन में भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले बुधवार को शासकीय विभागों में कार्यरत कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों एवं पेंशनरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एकजुटता दिखाते हुए प्रभावी आक्रोश रैली निकाली। यह रैली कुंदा तट स्थित चौपाटी से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पहुंची, जहां मुख्यमंत्री के नाम 50 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।रैली में शामिल कर्मचारी हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां और झंडे लेकर “अभी करो अर्जेंट करो, हमारी मांगें पूरी करो” जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़े। इस प्रदर्शन में 28 विभागों के बाह्य स्त्रोत (आउटसोर्स) कर्मचारी, दैनिक वेतनभोगी, संविदा कर्मचारी, बिजली विभाग के कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा पेंशनर बड़ी संख्या में शामिल रहे।कलेक्ट्रेट पहुंचकर कर्मचारियों ने प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी पंकज मलतारे, नरेंद्र पटेल, रंजना सागोर, रंजना पटेल, लोकेंद्र वर्मा (अध्यक्ष), विजय सोनारे, कर्मचारी संघ की अध्यक्ष रोकड़े मैडम सहित सभी आउटसोर्स कर्मचारी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।