खरगोन। शहर से गुजर रहे चित्तौड़गढ़–भुसावल हाईवे पर स्थित कृषि उपज मंडी के प्रवेश द्वार के पास चल रहा नाला निर्माण कार्य व्यापारियों और किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। निर्माण के लिए की गई खुदाई के बाद खुला छोड़ा गया नाला और सड़क पर फैला मलबा आए दिन हादसों का कारण बन रहा है।बुधवार सुबह मंडी में प्रवेश के दौरान एक ट्रक का पहिया खुले नाले में फंस गया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा। घटना के बाद मौके परअफरा-तफरी का माहौल बन गया और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। व्यापारियों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।क्षेत्र के व्यापारी राजेंद्र पाटीदार और गिरधारी अल्फेज ने बताया कि मंडी गेट के सामने डाले गए नाले से पानी निकासी सही नहीं होने के कारण सड़क पर लगातार पानी बहता रहता है। यह समस्या पिछले तीन वर्षों से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हुआ, हालांकि चार दिन पहले नगर पालिका ने निर्माण कार्य शुरू कराया है।स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए और सड़क पर फैले मलबे को तुरंत हटाया जाए, ताकि हादसों से बचा जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।