महाशिवरात्रि पर श्री चिंताहरण महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
मथुरा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आज रविवार, 15 फरवरी 2026 को ब्रजमंडल के शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। विशेष रूप से गोकुल के महावन स्थित प्राचीन श्री चिंताहरण महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।रविवार होने और फाल्गुन मास की शुरुआत के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष वृद्धि देखने को मिली। दूर-दराज से आए भक्त यमुना जल और कांवड़ लेकर मंदिर पहुंचे तथा शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। ब्रह्म मुहूर्त में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके बाद पवित्र यमुना जल से अभिषेक संपन्न हुआ। इसके उपरांत मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए।दिनभर श्रद्धालु कतारबद्ध होकर “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ दर्शन करते नजर आए। कई परिवारों द्वारा रुद्राभिषेक और मनोकामना पूर्ति के लिए विशेष पूजा-अर्चना भी कराई गई। मंदिर समिति द्वारा स्वयंसेवकों की तैनाती कर भीड़ को सुव्यवस्थित रखा गया, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही।श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। जिलाधिकारी मथुरा चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी महावन कंचन गुप्ता, तहसीलदार अमित त्रिपाठी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति गीतों, मंत्रोच्चार और शंखध्वनि की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री चिंताहरण महादेव मंदिर आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र बना रहा, जहां हजारों भक्तों ने श्रद्धा के साथ दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

बलरामपुर में बुजुर्ग की मौत को लेकर चरणदास महंत ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को लिखा पत्र, SDM पर हत्या का आरोप
T20 World Cup 2026: शिवम दुबे ने नीदरलैंड के खिलाफ 66 रनों की तूफानी पारी खेली, धोनी की सीख बनी गेमचेंजर
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में ABVP का सद्बुद्धि महायज्ञ, छात्रों के हित में आंदोलन जारी
युवक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
CG Board Exam: कल से शुरू हो रहे छत्तीसगढ़ बोर्ड के 12वीं क्लास के एग्जाम, स्टूडेंट्स इन बातों का रखें ध्यान
CG BREAKING : भाजपा: किसान, महिला, SC और OBC मोर्चा में नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा