खप्परपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सनसनी, जांच में जुटा प्रशासन
मथुरा जनपद के महावन थाना क्षेत्र अंतर्गत खप्परपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के पांच लोगों के शव उनके घर में मिले। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही महावन थाना पुलिस, जिला प्रशासन और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घर की दीवार से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है, वहीं मृतक के मोबाइल फोन में एक वीडियो भी मिला है। दोनों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश देते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा है।जानकारी के अनुसार मृतक परिवार खेती-किसानी से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि परिवार ने हाल ही में एक प्लॉट बेचा था, जिससे उन्हें करीब 12 लाख रुपये की राशि मिली थी। ऐसे में पुलिस आर्थिक कारणों के साथ-साथ अन्य संभावित वजहों की भी जांच कर रही है।गांव के कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि परिवार किसी दबाव या धमकी में भी हो सकता है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट, वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (21 फ़रवरी 2026)
श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने श्रमिक भाई -बहन बनें जागरूक- राजस्व मंत्री वर्मा
डिजिटल सुविधा केंद्र में 86 वर्षीय भक्तिन राय को अंगूठे के निशान पर मिल रही सुविधाएं
मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू, जंगल सफारी में मिला नया आश्रय