गैस किल्लत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना
शहडोल। जिले में रसोई गैस की किल्लत, कालाबाजारी और पाइपलाइन गैस योजना में हो रही देरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गैस संकट को लेकर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने व्यंग्यात्मक तरीके से बर्तन में पाइप डालकर गैस निकालने का प्रयास भी किया, लेकिन चूल्हा नहीं जलने पर इसे सरकार का “जुमला” बताया।
जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि शहडोल जिले की जनता इन दिनों गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर है। कई दिनों तक इंतजार के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे आम लोगों की रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि घर-घर पाइपलाइन गैस पहुंचाने की योजना वर्षों से अधूरी पड़ी हुई है, जिससे लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा।अवस्थी ने आरोप लगाया कि जिले से प्राकृतिक गैस का दोहन कर उसे अन्य स्थानों पर भेजा जा रहा है, जबकि स्थानीय लोगों को गैस की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति “चिराग तले अंधेरा” जैसी है, जहां संसाधन होने के बावजूद लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए, कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए और सभी गैस एजेंसियों की जांच कर उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जिला कांग्रेस कमेटी आम जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, कुलदीप निगम, सुनील खरे, प्रभात पांडेय, पीयूष शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना
CG बोर्ड परीक्षा की आंसरशीट में लिखा गया भावुक नोट, सोशल मीडिया पर वायरल