मथुरा में बहू और प्रेमी ने तकिए से मुंह दबाकर सास की हत्या की
मथुरा। जनपद मथुरा के थाना राया क्षेत्र में सास की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बहू और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों ने मिलकर महिला की तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने और गर्दन की हड्डी टूटने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की पुलिस के अनुसार यह घटना थाना राया क्षेत्र के गांव भंकरपुर बसेला की है। 10 मार्च 2026 को मृतका के पति ने थाना राया में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बेटे आमिर की पत्नी के गांव के ही रहने वाले आदिल पुत्र नसरूद्दीन के साथ अवैध संबंध थे। परिवार के विरोध के बावजूद दोनों चोरी-छिपे मिलते रहते थे। शिकायतकर्ता के अनुसार वह और उसका बेटा आमिर काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते थे।बताया गया कि 3 मार्च की रात करीब एक बजे आदिल घर पर आया था। उसी दौरान मृतका ने बहू और आदिल को आपत्तिजनक हालत में देख लिया, जिससे घर में विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर बहू और उसके प्रेमी ने मिलकर महिला का तकिए से मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।हत्या के बाद बहू ने रात करीब तीन बजे अपने पति आमिर को फोन कर बताया कि उसकी मां बोल नहीं रही है और संभवतः उन्हें साइलेंट अटैक आया है। सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे और महिला को मृत मानकर दफना दिया।बाद में मृतका के पति को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिलाधिकारी के आदेश पर 10 मार्च को पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने और गर्दन की हड्डी टूटने से मौत की पुष्टि हुई।इसके बाद थाना राया पुलिस ने बहू और उसके प्रेमी आदिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर 11 मार्च को दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया है।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना