राया | जिला मथुरा।
राया कस्बे में रेलवे द्वारा कराए जा रहे अंडरपास निर्माण कार्य के चलते आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से कोयल रेलवे फाटक संख्या 343-सी पर अंडरपास निर्माण के लिए खुदाई का कार्य तेजी से जारी है। निर्माण के दौरान किसी भी संभावित हादसे को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कोयल फाटक से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके चलते कस्बे के प्रमुख मार्ग मांट रोड पर लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है।फाटक बंद होने के कारण राया से अलीगढ़ और हाथरस की ओर जाने वाले चौपहिया वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। राया से अलीगढ़-हाथरस जाने वाले वाहनों को सादाबाद, बलदेव मार्ग और बरेली बाईपास से भेजा जा रहा है। वहीं अलीगढ़ और हाथरस की ओर से आने वाले वाहनों को कोयल कट से बरेली बाईपास होते हुए डायवर्ट किया गया है। वैकल्पिक मार्गों की दूरी अधिक होने से वाहन चालकों को अतिरिक्त समय और ईंधन खर्च करना पड़ रहा है।इधर कस्बे और ग्रामीण इलाकों में आने-जाने वाले लोग मजबूरी में मांट मार्ग से होकर कॉलोनियों और संकरे रास्तों का सहारा ले रहे हैं। इससे मांट रोड पर दोनों ओर से छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। स्कूली वाहन, एंबुलेंस और दैनिक जरूरतों के लिए निकलने वाले लोग भी जाम से खासे परेशान नजर आ रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल और स्पष्ट डायवर्जन व्यवस्था की जाती, तो परेशानी काफी हद तक कम हो सकती थी। वहीं प्रशासन का कहना है कि अंडरपास निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यातायात व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुगम हो जाएगी। फिलहाल निर्माण कार्य पूरा होने तक लोगों को वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करना होगा।