खरगोन जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खरगोन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मंडलेश्वर पुलिस ने सूने घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 4 लाख 4 हजार 200 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोला अली पिता कालू खान बंजारा, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम खेरवा जागीर, थाना मनावर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पूर्व में चोरी, लूट सहित कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति का खुलासा होता है।

दिनदहाड़े चोरी की घटना का खुलासा

पुलिस के अनुसार दिनांक 4 जनवरी 2026 को फरियादी भगवान निवासी ग्राम गुलावड़ ने थाना मंडलेश्वर में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 3 जनवरी 2026 को अज्ञात बदमाशों ने उसके सूने घर का ताला तोड़कर गोदरेज में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी दीपक यादव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

पूछताछ में किया जुर्म कबूल

पुलिस द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेकर रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछे गए सवालों पर आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, जिनकी कुल कीमत करीब 4,04,200 रुपये है, विधिवत जब्त किए गए। इसके बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

अन्य जिलों में भी वारदातें करने की बात स्वीकार

पूछताछ में आरोपी ने सनावद, खंडवा, बुरहानपुर, नेपानगर, इंदौर, धार, जोबट, दाहोद और पंचमहल सहित अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इन मामलों की जानकारी संबंधित थानों को भेजी जा रही है।फिलहाल पुलिस आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है, जिसे जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।