वृंदावन | मथुरा
श्री बांके बिहारी जी कॉरिडोर निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत मंगलवार को दूसरी रजिस्ट्री विधिवत रूप से संपन्न हुई, जिसमें श्रद्धालु मनीष मिश्रा द्वारा 322 वर्ग मीटर भूमि श्री बांके बिहारी जी मंदिर के पक्ष में रजिस्ट्री कराई गई। यह कदम न केवल परियोजना के विकास में सहायक है, बल्कि आस्था, सेवा और सनातन परंपरा के प्रति गहन श्रद्धा का प्रतीक भी माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार मनीष मिश्रा ने अपने मकान/दुकान को भगवान श्री बांके बिहारी जी की सेवा एवं मंदिर से जुड़े पावन कार्यों के लिए समर्पित करने का ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक निर्णय लिया है। उनके इस पुण्य कार्य की श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।इस अवसर पर जिलाधिकारी मथुरा ने मनीष मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के पुण्यकारी कार्य समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं और धार्मिक स्थलों के सुव्यवस्थित विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्री बांके बिहारी जी कॉरिडोर केवल एक आधारभूत संरचना परियोजना नहीं है, बल्कि यह श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आस्था से जुड़ा हुआ एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है।इसी क्रम में जिलाधिकारी मथुरा के माध्यम से उन सभी दुकानदारों एवं मकान स्वामियों से विनम्र अपील की गई है, जिनकी संपत्तियां श्री बांके बिहारी जी कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत आती हैं, कि वे इस ऐतिहासिक एवं पुनीत कार्य में स्वेच्छा से सहयोग प्रदान करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जो भी श्रद्धालु या संपत्ति स्वामी अपनी इच्छा से रजिस्ट्री कराना चाहते हैं, वे संबंधित विभाग अथवा प्रशासन से शीघ्र संपर्क कर सकते हैं।प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना केवल विकास से जुड़ी नहीं है, बल्कि आस्था, सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक है। सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया गया है कि वे भगवान श्री बांके बिहारी जी की कृपा प्राप्त करने हेतु इस पुण्य कार्य में आगे आएं और सहयोग प्रदान करें।