सुबह की सैर में टूटी महिलाओं की सांसें, तेज रफ्तार बाइक ने मचाया कोहराम
गोवर्धन। धर्म नगरी गोवर्धन में गिरिराज जी की सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नो-व्हीकल जोन माने जाने वाले परिक्रमा मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक ने सुबह की सैर पर निकली चार महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया।घटना सुबह करीब 6 बजे की है। सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग के हरिपुरा क्षेत्र में महात्यागी आश्रम के पास महिलाएं रोज की तरह टहल रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी महिलाएं सड़क पर गिर पड़ीं और दर्द से कराहने लगीं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बाइक सवार मौके से फरार हो चुका था। स्थानीय निवासी पदमचंद ने बताया कि घायल महिलाएं रोजाना इसी मार्ग पर सुबह की सैर के लिए आती थीं और कभी इस तरह की घटना की आशंका नहीं थी।हादसे में पदम सैनी की पत्नी कमला देवी का पैर टूट गया है, जबकि तेजराम की पत्नी सोनदेई, हुकुमचंद की पत्नी मीरा देवी और एक अन्य महिला को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है। पुलिस फरार बाइक सवार की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।इस हादसे ने एक बार फिर गोवर्धन परिक्रमा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र होने के बावजूद नो-व्हीकल जोन में तेज रफ्तार वाहनों का प्रवेश प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि परिक्रमा मार्ग पर सख्त निगरानी और स्थायी पुलिस व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

कौन हैं एआई किड ऑफ इंडिया, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान चर्चा में क्यों? जानिए उनके बारे में सबकुछ
मासूमियत में इबादत का जज्बा, अल्वेज़ ने रखा पहला रोज़ा
टैरिफ ट्रंप का सबसे बड़ा हथियार: सस्ती दवाओं के लिए फ्रांस पर बनाया दबाव, वाइन पर 100% टैक्स की दी धमकी
Export Measures: निर्यात बढ़ाने के लिए सरकार के सात कदम, ई-कॉमर्स निर्यातकों को सस्ते कर्ज के साथ मदद भी
क्यों रूठ गए एमपी के गवर्नर? चाय छोड़ी, बीच में ही उठे खाने से
भागीरथपुरा जल त्रासदी पर विधानसभा में जोरदार हंगामा