मोहन बड़ोदिया नगर में दशामाता व्रत के अवसर पर महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के अति प्राचीन शिव मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और पीपल वृक्ष की विधि-विधान से पूजा की।इस दौरान महिलाओं ने पीपल के वृक्ष पर सूती धागा बांधकर दस परिक्रमा लगाई तथा भजन-कीर्तन के साथ दशामाता व्रत की कथा सुनी। धार्मिक परंपरा के अनुसार महिलाओं ने अपने घरों के आंगन की दीवारों पर हल्दी के दस छापे लगाकर परिवार की मंगल कामना की।महिलाओं ने बताया कि दशामाता व्रत घर में सुख-शांति, समृद्धि और संकटों से मुक्ति के लिए रखा जाता है। इस अवसर पर नगर के भक्तराज पुष्प वाटिका, नलखेड़ा रोड सहित अन्य स्थानों पर भी महिलाओं ने पीपल वृक्ष की पूजा कर व्रत श्रद्धा के साथ मनाया। महिलाओं द्वारा गाए गए भजनों से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय हो गया और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं उपस्थित रहीं।