भोपाल: अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय परिसर में एल.एन.सी.टी. विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।शिविर के दौरान विभिन्न जीवनोपयोगी विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। अग्निशमन प्रशिक्षण श्री आर.एस. परिहार एवं उनकी टीम द्वारा दिया गया, जिसमें आग से बचाव और आपात स्थिति में किए जाने वाले उपायों की जानकारी दी गई। वहीं, प्राथमिक उपचार सत्र डॉ. सुरेन्द्र सिंह राजपूत एवं उनकी टीम द्वारा संचालित किया गया, जिसमें सीपीआर सहित अन्य आवश्यक उपचारों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।यातायात जागरूकता कार्यक्रम में भोपाल पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल गिरीश सारस्वत एवं कॉन्स्टेबल देवेंद्र लोधी ने सड़क सुरक्षा नियमों और दुर्घटनाओं से बचाव के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा डिजिटल फ्रॉड से बचाव पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिससे विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।शिविर के अंतर्गत ग्राम मुगलिया में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही, जेके अस्पताल की मेडिकल टीम द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।इसके अतिरिक्त, 12 एमपी बटालियन के कंपनी कमांडर कैप्टन पीयूष नेमा ने व्यक्तित्व विकास एवं डिजिटल जागरूकता पर प्रेरणादायक सत्र लेकर विद्यार्थियों को आत्मविकास के लिए प्रेरित किया।समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। तिया शर्मा एवं दीपांशु पांडे को विशेष रूप से सराहा गया, वहीं वरिष्ठ स्वयंसेवकों—अभिषेक दास, निकिता विश्वास, देवेंद्र सिंह, अभिषेक पांडे, राम कुमार शाह, अभिषेक राणे, नेहा बेलवंशी एवं अभिनव कुमार—को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। शिविर वरिष्ठ ऋषभ राज एवं राधा रानी झा को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री जय नारायण चौकसे, सचिव डॉ. अनुपम चोकसे, कुलगुरु डॉ. नरेंद्र कुमार थापक एवं कुल सचिव डॉ. अजीत कुमार सोनी ने इस सफल आयोजन के लिए सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी और समाज सेवा के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम अधिकारी कैप्टन पीयूष नेमा एवं गर्ल्स सहायिका श्रीमती सुनीता शर्मा का शिविर के सफल आयोजन में विशेष योगदान रहा।