नागदा एवं खाचरौद क्षेत्र में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए संत रविदास जी के आदर्शों को नमन किया।नागदा में आयोजित जयंती समारोह में पहुँचकर पूर्व विधायक गुर्जर ने रविदास समाज के लोगों को जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान उन्होंने रविदास समाज द्वारा प्रस्तावित धर्मशाला निर्माण कार्य के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय का सशक्त संदेश देता है, जिसे वर्तमान समय में आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है।खाचरौद नगर में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर निकाले गए भव्य जुलूस का पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर द्वारा पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।इसके पश्चात पूर्व विधायक गुर्जर ग्राम पचलासी पहुँचे, जहाँ संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने संत रविदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उपस्थित समाजजनों को जयंती की शुभकामनाएँ दीं।इन कार्यक्रमों में नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द भरावा, पीसीसी सदस्य अनोखीलाल सोलंकी, राधे जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष जीवन ढोला पाटीदार, चन्द्रप्रकाश चौरडिया, शहर अध्यक्ष शेरू मंसूरी, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर पाटीदार, रवि शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिनेश ठन्ना सहित पार्षदगण दशरथ वाक्तरिया, प्रकाश डाबी, जितेन्द्र पांचाल, लखन गोहर, राजेन्द्र धाकड़, बाबु नागर, अनिल भरावा एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व समाजजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में सामाजिक समरसता, भाईचारे और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।