सिवनी में बड़ा रेल हादसा टला, शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस के पहिए पटरी से उतरे
मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। शहडोल से नागपुर की ओर जा रही शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस के कुछ पहिए अचानक पटरी से उतर गए। यह घटना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नैनपुर–खैररांजी रेलखंड के बीच दोपहर करीब 12:30 बजे हुई।जानकारी के अनुसार, जैसे ही ट्रेन के पहिए पटरी से नीचे उतरे, डिब्बों में तेज झटका महसूस हुआ, जिससे यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई। टीम द्वारा ट्रेन को वापस पटरी पर लाने और रेल मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। वहीं यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना