मथुरा। मथुरा के छठीकरा से राधा कुंड जाने वाले मार्ग पर राल गांव के पास शनिवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए, जिनमें छह महिला यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में चल रही थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस सड़क से उतरकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।हादसे को लेकर बस चालक सतीश, निवासी सहारनपुर, ने बताया कि सामने से आ रही एक गाड़ी को साइड देने के प्रयास में बस कच्चे रास्ते पर उतर गई, जिससे नियंत्रण बिगड़ गया और दुर्घटना हो गई। चालक के अनुसार अधिकतर यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।वहीं ग्रामीण प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय बस के आगे या पीछे कोई अन्य वाहन नहीं था। उनका आरोप है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और बस को सड़क से हटवाया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल में भर्ती घायलों का उपचार जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।