बड़वाह (खरगोन)।
खरगोन जिले के बड़वाह वन मंडल के काटकूट क्षेत्र में तेंदुए के हमले से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना लाईनपूरा रोड के जंगल के पास की बताई जा रही है, जहां खेत में पशुओं के लिए चारा काटने पहुंचे किसान पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया।जानकारी के अनुसार किसान रमेश खेत में चारा काट रहा था, तभी अचानक जंगल की ओर से आए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और ग्रामीणों ने किसी तरह तेंदुए को भगाया और घायल किसान को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुआ दिखाई दे रहा है। इसकी सूचना वन विभाग काटकूट को भी दी गई थी, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते तेंदुए ने किसान पर हमला कर दिया।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। किसानों और ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि क्षेत्र में किसी और बड़ी घटना को रोका जा सके।