ट्रेन के नीचे आने से बचा युवक, गंभीर रूप से घायल
भीलवाड़ा।
भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अपने माता-पिता को इंटरसिटी ट्रेन में बैठाकर उतर रहे एक युवक के साथ उस समय दुर्घटना हो गई, जब ट्रेन ने अचानक रफ्तार पकड़ ली। संतुलन बिगड़ने से युवक नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि युवक ट्रेन के नीचे आने से बच गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गिरने के कारण उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान शशिकांत भुला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शशिकांत अपने माता-पिता को इंटरसिटी ट्रेन में बिठाकर प्लेटफॉर्म पर उतर रहा था। इसी दौरान ट्रेन ने अचानक गति पकड़ ली, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा।घायल युवक के परिजन केदार ने रेलवे विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त समय तक नहीं रोका गया और अचानक गति बढ़ाने के कारण यह हादसा हुआ। परिजनों का आरोप है कि यदि युवक ट्रेन के नीचे आ जाता, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। रेलवे प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी ली जा रही है। वहीं, यात्रियों ने भी प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों के ठहराव समय और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।फिलहाल घायल युवक का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है और परिजन उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

मुस्लिम MLA ने गाय को लेकर उठाई मांग पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद खुश… बोले-ये हिंदू विधायकों पर कलंक जैसा