जबेरा बाईपास पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, चार गंभीर घायल
दमोह (मध्यप्रदेश)। दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर जबेरा बाईपास के पास गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां दो ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार चालक व हेल्पर बुरी तरह फंस गए।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रकों की हालत देखकर साफ था कि बिना भारी मशीन के घायलों को बाहर निकालना संभव नहीं था।पुलिस ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाई और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रकों के लोहे के हिस्सों को काटकर चारों घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, एक खाली ट्रक (MP 19 HA 505) नोहटा से शहपुरा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक (RJ 11 GB 8855) ओडिशा से चना लेकर हरियाणा की ओर जा रहा था। जबेरा बाईपास पर दोनों ट्रकों की सीधी भिड़ंत हो गई।हादसे में घायल लोगों की पहचान प्रशांत केवट और नागेंद्र केवट (निवासी सतना जिला) तथा बंटी गुर्जर और प्रमोद गुर्जर (निवासी मुरैना जिला) के रूप में हुई है।हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा नेता रूपेश सेन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह स्थान बेहद खतरनाक हो चुका है। उन्होंने बताया कि बीते एक सप्ताह में यहां तीसरा बड़ा हादसा हुआ है। बाईपास पर स्पीड ब्रेकर न होने के कारण वाहन तेज रफ्तार में रहते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि जबेरा बाईपास पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Petrol-Diesel Price: शनिवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने दी राहत या बढ़ी मुसीबत? चेक करें आज का ताजा भाव
Gold-Silver Rate: सोने की बढ़ती कीमतों के बीच चांदी ने दी राहत, फटाफट चेक करें अपने शहर का नया दाम