मैहर–अमरपाटन में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप
मैहर/अमरपाटन। अमरपाटन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक अनंतराम पटेल ने आत्महत्या से पहले पुलिस पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक ने आत्महत्या से पूर्व चार पन्नों का सुसाइड नोट लिखा, साथ ही वीडियो बनाकर आत्महत्या का कारण बताया, जिसे उसने फेसबुक स्टेटस पर वायरल कर दिया।मृतक ने अपने सुसाइड नोट में अमरपाटन थाने में पदस्थ एक पुलिस कर्मी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, युवक ने सुसाइड नोट में संबंधित पुलिसकर्मी का मोबाइल नंबर भी उल्लेखित किया है। युवक का कहना था कि वह लंबे समय से पुलिस की प्रताड़ना से परेशान था और इसी कारण यह कदम उठा रहा है।सुसाइड नोट और वीडियो पोस्ट करने के बाद युवक ने सड़क किनारे स्थित कदम के पेड़ में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि घटना से एक रात पहले पुलिस युवक को थाने लेकर गई थी और इसके बाद सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला। इसी बात को लेकर परिजनों ने पुलिस को शव ले जाने से रोक दिया और मौके पर विरोध प्रदर्शन किया।सूचना मिलने पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर, एसडीओपी ख्याति मिश्रा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए।घटनास्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से तीन थानों की पुलिस बल तैनात रही। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी तथा आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Raipur Traffic: नहीं भरा ई-चालान तो जब्त होगी गाड़ी, पुलिस का सख्त अलर्ट
जनेऊ उतरवाने के आरोपों से गरमाई राजनीति, BJP ने उठाए सवाल
‘भारतीय राजनीति के महत्वपूर्ण स्तंभ थे’—CM योगी ने बहुगुणा को किया नमन