सूरा में उमड़ा आस्था का सैलाब: 8 किमी की भव्य भगवा पदयात्रा
रीवा।
अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर पूरे देश के साथ-साथ रीवा जिले की मनगवां तहसील अंतर्गत ग्राम सूरा में भी आस्था और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से एक भव्य भगवा पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में रामभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
8 किलोमीटर लंबी पदयात्रा, जय श्री राम के जयघोष
भगवा पदयात्रा का नेतृत्व प्रखर रामभक्त एवं समाजसेवी पंडित सतीश चौबे ने किया। हाथों में भगवा ध्वज लिए रामभक्त “जय श्री राम” के जयघोष करते हुए आगे बढ़ रहे थे। लगभग 8 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
हनुमान मंदिर में समापन, अयोध्या से लाई गई गदा की भेंट
भव्य पदयात्रा का समापन ग्राम सूरा स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में हुआ। यहां पंडित सतीश चौबे द्वारा अयोध्या धाम से विशेष रूप से लाई गई 5 किलो वजनी पीतल की भव्य गदा भगवान हनुमान को श्रद्धा-भाव से अर्पित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से गदा की पूजा-अर्चना कर मंदिर में स्थापना की गई।
महंत उद्धवदास जी का सानिध्य, सुंदरकांड और विशाल भंडारा
इस पावन अवसर पर रामहर्षण पीठ के महंत उद्धवदास जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि,
“ऐसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और भक्ति का संचार करते हैं। प्रभु श्री राम की कृपा से ही आज पूरा गांव एक सूत्र में बंधकर यह उत्सव मना रहा है।”कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का सामूहिक गायन किया गया, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। भंडारे में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन का उद्देश्य
पंडित सतीश चौबे ने आयोजन की सफलता पर समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि,
“इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य अपनी जन्मभूमि में शांति, सद्भाव और सुख-समृद्धि की कामना करना है। हम चाहते हैं कि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े और प्रभु श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए।”

Trains Cancelled : यात्रीगण कृपया ध्यान दें… मई में 10 ट्रेनें रद्द, कई के बदले मार्ग
दर्दनाक सड़क हादसा, दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत
सालाना 1 करोड़ की यात्री संख्या से अपग्रेड होगा इंदौर एयरपोर्ट, 200 नई सीटें लगेंगी