रीवा। शो मैन राजकपूर की 101वीं जयंती के अवसर पर विंध्य की धरती तीन दिवसीय रीवा फिल्म फेस्टो 2025 की मेजबानी करने जा रही है। 12 से 14 दिसंबर तक होने वाला यह भव्य आयोजन “रीवा से रूस तक” थीम पर आधारित होगा, जो कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। फेस्टो में बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों के साथ रूस सहित कई देशों के अंतरराष्ट्रीय कलाकार शिरकत करेंगे।

मानस भवन में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस

सोमवार को मानस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के राहुल शर्मा, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, अमित पटेल, अविराज, साकेत श्रीवास्तव, उदित गर्ग और राजराखन पटेल ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

सोनू सूद होंगे मुख्य आकर्षण

आयोजकों ने बताया कि अभिनेता सोनू सूद पहली बार विंध्य की धरती पर कदम रखेंगे। कोरोना काल के दौरान रीवा आने का जो वादा उन्होंने किया था, वह अब पूरा होने जा रहा है। फेस्टो में उनकी मौजूदगी खास आकर्षण होगी।

भारत–रूस एम्बेसी का संयुक्त आयोजन

राजकपूर की स्मृतियों को जीवंत रखने के उद्देश्य से भारत और रूस एम्बेसी संयुक्त रूप से पाँच देशों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उसी श्रृंखला का हिस्सा रीवा फिल्म फेस्टो 2025 भी है। इस वर्ष का केंद्रीय थीम—
“द ग्रेट शोमैन राजकपूर एंड द गोल्डन एज ऑफ इंडियन सिनेमा” रखा गया है।

फिल्म, संगीत, ग्लैमर और संस्कृति का संगम

तीन दिनों तक चलने वाले इस मेगा फेस्टो में कई विशेष कार्यक्रम शामिल रहेंगे—

  • फिल्म स्क्रीनिंग एवं वर्कशॉप

  • डांस और म्यूजिक परफॉर्मेंस

  • ग्लैमर नाइट

  • यंग क्रिएटर्स कॉर्नर

  • रीवा फिल्म अवॉर्ड्स 2025

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय अभिनेत्री इलिना, मिस इंडिया पूजा चोपड़ा, मिसेज इंडिया स्नेहल आचार्य, फेमिना मिस इंडिया मान्या सिंह, अभिनेता अर्जुन द्विवेदी, अभिनेत्री विंध्या तिवारी, गायक अविनाश सिंह, मिमिक्री आर्टिस्ट पारुल भटनागर, कोरियोग्राफर सार्थक चौधरी, मेकअप आर्टिस्ट अविनाश पाटिल और हास्य कलाकार रोहित प्यारे शामिल होंगे।

‘राजकपूर एंड द गोल्डन एज’ पर विशेष प्रदर्शनी

फेस्टो में विंध्य के सिनेमाई इतिहास को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा “रीवा से रूस तक : संस्कृति और सिनेमा के रिश्ते” विषय पर पैनल डिस्कशन भी आयोजित होगा।

रीवा और सिनेमा का ऐतिहासिक रिश्ता

वक्ताओं ने बताया कि रीवा का भारतीय सिनेमा के स्वर्ण काल से गहरा नाता रहा है। 14 दिसंबर 2015 को स्वयं रणधीर कपूर ने कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम का भूमिपूजन किया था। 2 जून 2018 को लोकार्पण समारोह में भी कई फिल्मी हस्तियाँ रीवा पहुँची थीं। अब एक बार फिर यह ऐतिहासिक परिसर फिल्मी सितारों की रोशनी से जगमगाएगा।

जनभागीदारी का आग्रह

आयोजन समिति ने रीवा व आसपास के जिलों के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस अंतरराष्ट्रीय फेस्टो को यादगार बनाने की अपील की है।