मथुरा।
जमुना पार के नगरीय क्षेत्र तैयापुर में सरकारी राशन वितरण के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब स्थानीय राशन डीलर पर कार्डधारकों से अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप सामने आए। पीड़ितों का आरोप है कि डीलर द्वारा प्रत्येक राशन कार्ड के बदले ₹100 की अवैध मांग की जा रही थी। जब लाभार्थियों ने इसका विरोध किया तो मामला कहासुनी से बढ़कर विवाद और हाथापाई तक पहुंच गया।घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राशन कार्ड धारकों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। पीड़ित लाभार्थियों का कहना है कि उनसे न केवल पैसे मांगे गए, बल्कि निर्धारित मात्रा से कम राशन भी दिया जा रहा था। विरोध करने पर डीलर ने कथित रूप से अपशब्द कहे और मारपीट पर उतारू हो गई।डीलर के व्यवहार से आक्रोशित दर्जनों ग्रामीणों ने यूपी डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज कर मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। ग्रामीणों ने एकजुट होकर डीलर सुधा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि गरीबों को मिलने वाले सरकारी हक के साथ इस तरह की मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय खाद्य एवं रसद विभाग भी सक्रिय हो गया है। सहायक राशन अधिकारी (एआरओ) फूल सिंह यादव ने बताया कि सभी शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित राशन डीलर के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।