मथुरा। जनपद मथुरा के थाना छाता क्षेत्र के ग्राम शेरनगर स्थित शिवम भट्टा परिसर में एक नाबालिग युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मुस्कान के रूप में हुई है, जो बहुना गांव, थाना पाली, जनपद अलीगढ़ की रहने वाली बताई जा रही है।मीडिया सूत्रों के अनुसार, युवती के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।छाता क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी (सीओ) भूषण वर्मा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए खुद जांच में टीम के साथ सक्रिय भूमिका निभाई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस बल के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए सुरक्षित किए और भट्टा परिसर तथा आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।बताया जा रहा है कि मृतका भट्टा पर मजदूरी के सिलसिले में आई थी। घटना के बाद भट्टा मालिक और वहां मौजूद कुछ लोग संदिग्ध माने जा रहे हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी।घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गांव और आसपास के क्षेत्रों में घटना को लेकर आक्रोश का माहौल बना हुआ है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। एहतियातन पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।