राजस्थान का वांछित अपराधी संजय उर्फ आकाश घायल होकर गिरफ्तार
मथुरा —थाना गोवर्धन पुलिस और एंटी-रिवार्डेड टीम की संयुक्त कार्रवाई में राजस्थान के डींग इलाके का वांछित अपराधी संजय उर्फ आकाश पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी संजय, पुत्र मनसो उर्फ मानसिंह, निवासी इकलहरा, थाना कोतवाली डींग (राजस्थान), कई गंभीर मामलों में पुलिस को लंबे समय से वांछित था।घटना कुंजीलाल तिराहा पर उस समय हुई, जब गोवर्धन पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और तेजी से बाईपास की ओर भाग गए।पुलिस ने तत्काल पीछा किया। जब टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए एक बार फिर गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश संजय उर्फ आकाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा।वहीं दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।महत्वपूर्ण बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी संजय उर्फ आकाश कल 05 दिसंबर 2025 को इकलहरा गांव में गोवर्धन पुलिस टीम पर हुए हमले में भी शामिल था। पुलिस उस घटना के बाद से ही उसकी तलाश तेज किए हुए थी।पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुँचाया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। प्राथमिक पूछताछ में उसके खिलाफ राजस्थान और उत्तर प्रदेश दोनों जगहों पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।मौके से पुलिस को एक अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और घटनास्थल पर छोड़ी गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मुठभेड़ गोवर्धन क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

डिटॉक्स वाटर पीने से पहले जान लें इसके साइड इफेक्ट
Pappu Yadav के बयान से मचा विवाद, महिलाओं को लेकर टिप्पणी पर बवाल
पहलगाम बरसी से पहले सख्त चेतावनी, इंडियन आर्मी का कड़ा रुख
Madhya Pradesh High Court सख्त: इंदौर ट्रैफिक पर मांगा जवाब