कसरावद में किसान की हार्ट अटैक से मौत, रात की बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल
कसरावद। खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। छोटी कसरावद निवासी 52 वर्षीय किसान सुरेंद्र सिंह चौहान की खेत में सिंचाई के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई।परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र सिंह चौहान देर रात करीब 1 बजे फसल की सिंचाई के लिए खेत गए थे। कड़ाके की ठंड में पानी चलाते समय अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े।सुबह जब सुरेंद्र सिंह घर नहीं लौटे, तो परिजन उनकी तलाश में खेत पहुंचे, जहां वे अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तत्काल कसरावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि यदि किसानों को दिन के समय पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाती, तो उन्हें सर्द रातों में जान जोखिम में डालकर खेतों में काम नहीं करना पड़ता।घटना के बाद क्षेत्र में रात की बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। किसानों का कहना है कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण उन्हें मजबूरी में रात के समय खेतों में सिंचाई करनी पड़ती है, जिससे हादसों और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ जाते हैं।ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि किसानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए और दिन में ही पर्याप्त समय तक बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ धाम में अब नहीं चलेगा मोबाइल, फोटो-वीडियो बनाना मना
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
“बंगाल चुनाव में बीजेपी की जीत तय”—दिलीप घोष का बड़ा दावा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार