दिल्ली पुलिस ने फर्जी बम धमकियों के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए कर्नाटक के 47 वर्षीय व्यक्ति श्रीनिवास लुईस को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देशभर के स्कूलों, हाई कोर्ट और विभिन्न सरकारी दफ्तरों को 1,100 से अधिक फर्जी बम धमकी भरे संदेश भेजने का आरोप है।पुलिस के अनुसार, इन धमकी भरे संदेशों से कई स्थानों पर अफरा-तफरी मच गई थी और सुरक्षा एजेंसियों को बार-बार जांच अभियान चलाना पड़ा, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर भी असर पड़ा। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस तरह के संदेश भेज रहा था, जिससे सुरक्षा एजेंसियां लगातार अलर्ट पर थीं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इसके पीछे उसका मकसद क्या था और कहीं वह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा तो नहीं है।