उज्जैन में बढ़ती आवाजाही और सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने शहर में कड़ा सुरक्षा अभियान चलाया। अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से जिला पुलिस बल, जीआरपी पुलिस और बम डिस्पोज़ल स्क्वाड ने मिलकर रेलवे स्टेशन और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया।

रात के समय शुरू हुए इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की गहन जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी तलाशी ली गई, वहीं उनके बैग और अन्य सामान को भी स्कैन किया गया। पुलिस टीमों ने प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, वेटिंग हॉल, फुटओवर ब्रिज और पार्किंग क्षेत्र में भी सर्चिंग की।

अभियान की निगरानी कर रहे एएसपी आलोक शर्मा ने बताया कि शहर में बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ सुरक्षा को लेकर पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी कारण भविष्य में भी ऐसे चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।पुलिस का यह कदम त्योहारों, पर्यटन सीजन और भीड़भाड़ वाले माहौल को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यात्रियों ने भी इस अभियान का स्वागत किया और सुरक्षा को लेकर उठाए जा रहे कदमों की सराहना की।