भीलवाड़ा जिले में बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां प्रताप नगर थाना अधिकारी पर फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, प्रताप नगर थाना प्रभारी राजपाल सिंह पुलिस टीम के साथ आरोपी ज्ञान सिंह को रेयला थाना लेकर जा रहे थे।रास्ते में आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन से उतरने की अनुमति ली। इसी दौरान आरोपी अचानक पुलिस को चकमा देकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच लाम्बिया टोल के पास आरोपी ने पुलिस पर फायर कर दिया।फायरिंग के दौरान गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी, जिससे पुलिस टीम में अफरा-तफरी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और आत्मरक्षा में फायर किया। जवाबी फायरिंग में आरोपी ज्ञान सिंह घायल हो गया।

घायल आरोपी को तुरंत काबू कर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया, उसने फायरिंग कैसे की और फरार होने की योजना पहले से थी या मौके पर बनाई — इन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।घटना के बाद पूरे भीलवाड़ा में सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है।