मथुरा में संदिग्ध हालात में होमगार्ड जवान की मौत, पुलिस जांच में जुटी
मथुरा।
मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में तैनात एक होमगार्ड जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय (41 वर्ष) पुत्र शेरसिंह, निवासी गांव नौशेपुर, थाना नोहझील के रूप में हुई है। इस घटना से जहां परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं होमगार्ड विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सीसीआर कंट्रोल रूम मथुरा को आरटी सेट के माध्यम से सूचना मिली कि बरेली हाईवे पर स्थित एक शराब के ठेके के पास एक होमगार्ड जवान बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना रिफाइनरी प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने मौके पर होमगार्ड जवान संजय को अचेत अवस्था में पाया। तत्काल उन्हें उपचार के लिए महर्षि दयानंद सरस्वती जिला चिकित्सालय, मथुरा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।बताया जा रहा है कि मृतक संजय अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठावान और जिम्मेदार होमगार्ड जवान थे। उनके अचानक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।होमगार्ड विभाग के अधिकारियों और जवानों ने भी संजय के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Petrol-Diesel Price: शनिवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने दी राहत या बढ़ी मुसीबत? चेक करें आज का ताजा भाव
Gold-Silver Rate: सोने की बढ़ती कीमतों के बीच चांदी ने दी राहत, फटाफट चेक करें अपने शहर का नया दाम