राया (मथुरा)। राया–हाथरस मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में लगभग 28 वर्षीय अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मिश्री मोड़ गांव के समीप उस समय हुआ, जब किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में राहगीर व स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। किसी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिचपुरी चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।पुलिस ने सड़क किनारे पड़े शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इस संबंध में थाना राया के प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है।पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, वहीं दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को मृतक युवक के बारे में कोई भी जानकारी हो, तो तत्काल थाना राया पुलिस को सूचित करें।इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।