सनावद नगर पालिका कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, 4 माह से वेतन बकाया, पीएफ जमा नहीं होने का आरोप
सनावद नगर पालिका परिषद के कर्मचारी वेतन और पीएफ की गंभीर समस्या को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है, जबकि हर माह उनकी तनख्वाह से पीएफ की राशि काटी जा रही है, लेकिन वह उनके खातों में जमा नहीं की जा रही।कर्मचारियों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। लगातार अनदेखी से नाराज कर्मचारियों ने मजबूर होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया है।वाल्मीकि कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि अजय शिंदे (चौधरी) ने बताया कि कर्मचारियों ने अधिकारियों से कम से कम दो-दो माह का वेतन एक साथ जारी करने की मांग की थी, लेकिन हाल ही में केवल एक माह का वेतन ही डाला गया। उन्होंने कहा कि चार माह से चले आ रहे कर्ज और आर्थिक संकट के बीच एक माह की तनख्वाह कर्मचारियों के लिए पर्याप्त नहीं है, जिससे परेशानियां और बढ़ गई हैं।वहीं नगर पालिका कर्मचारी मीना बाई शिंदे ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि छोटे कर्मचारियों का घर-परिवार सीमित आय पर चलता है। उन्होंने कहा कि दो-दो माह का वेतन एक साथ मिलने से कुछ राहत मिल सकती थी, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया।कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बकाया वेतन और पीएफ की राशि जमा नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते नगर पालिका की साफ-सफाई, जल आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

बेटियों और बहनों के विकास से ही होगा समग्र विकास संभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पश्चिम बंगाल में गरजे सीएम योगी, बोले- टीएमसी के गुंडों का ‘यूपी मॉडल’ से होगा इलाज