मथुरा। मथुरा–वृंदावन शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुगम बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भूतेश्वर से मसानी चौराहे तक लगभग 1.6 किलोमीटर लंबी सीसी (कंक्रीट) सड़क का निर्माण कराया जाएगा। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का विधिवत भूमि पूजन मथुरा–वृंदावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने किया।भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि यह मार्ग शहर का प्रमुख और व्यस्त मार्ग है, जहां प्रतिदिन भारी यातायात रहता है। सीसी सड़क बनने से जहां जाम की समस्या में कमी आएगी, वहीं सड़क लंबे समय तक टिकाऊ और मजबूत बनी रहेगी।नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आम जनता को शीघ्र राहत मिल सके।स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से इस मार्ग के सुधार की मांग की जा रही थी। सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।नगर निगम प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि शहर के अन्य प्रमुख मार्गों के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए भी योजनाएं तैयार की जा रही हैं। आने वाले समय में कई अन्य सड़कों के निर्माण और सुधार कार्य शुरू किए जाएंगे, जिससे मथुरा–वृंदावन की यातायात व्यवस्था और अधिक सशक्त हो सके।