खरगोन। पुलिस विभाग में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद खरगोन जिले के बिस्टान थाना क्षेत्र को नया थाना प्रभारी मिल गया है। शनिवार को नवागत थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत ने विधिवत रूप से बिस्टान थाने का पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे भीकनगांव थाने में पदस्थ थे। वहीं बिस्टान के पूर्व थाना प्रभारी जितेंद्र बघेल का स्थानांतरण डीआरपी लाइन खरगोन किया गया है।पदभार संभालने के बाद थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत ने थाने के समस्त स्टाफ से परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, जनसुनवाई और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी।इसी क्रम में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर रविवार शाम 5 बजे बिस्टान पुलिस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में बताया गया कि मुस्लिम समाज द्वारा शबे बारात का त्योहार मंगलवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय द्वारा रात्रि में मस्जिदों में इबादत की जाएगी तथा कब्रस्तान में जाकर अपने परिजनों की कब्रों पर फूल पेश कर फातिहा पढ़ी जाएगी।बैठक के दौरान नवागत थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत ने उपस्थित समाजजनों से परिचय लिया और सभी से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। मुस्लिम समाज की ओर से सदर अरशद ठेकेदार, नायब सदर मुस्ताक पठान, अनकवाड़ी मस्जिद के सदर फैजु मुंडा, अनीश बागवान, अमीन पठान सहित अन्य प्रतिनिधियों ने मस्जिद चौक पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग रखी।वहीं बैठक के दौरान व्यापारियों ने बस स्टैंड क्षेत्र में लगने वाले यातायात जाम की समस्या से भी थाना प्रभारी को अवगत कराया, जिस पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।इस अवसर पर नगर परिषद सभापति प्रहलाद वास्कले, पार्षद प्रेमलाल मौरे, रूपेश राठौड़, तोताराम गोलकर सहित थाना स्टाफ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।