निवाड़ी जिले के ओरछा में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अज्ञात चोरों ने एक पूर्व सैनिक के सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी सहित भारतीय सेना में रहते हुए वीरता और सेवाओं के लिए मिले 6 सेना मेडल भी चोरी कर लिए।मकान मालिक दीपक शर्मा ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि वे अपने परिवार के साथ इंदौर गए हुए थे। जब वे सुबह ओरछा स्थित अपने घर लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी में रखे नकद रुपये, सोने-चांदी के आभूषण और उनके पिता को भारतीय सेना में रहते हुए वीरता एवं सेवाओं के लिए प्राप्त 6 सेना मेडल गायब थे।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।