रीवा में खाकी की आड़ में ‘दलाल राज’, NH-30 पर सरेआम अवैध वसूली
रीवा (मध्य प्रदेश)। नेशनल हाईवे–30 पर जोगनिहाई टोल प्लाजा के पास आरटीओ के नाम पर अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग बिना किसी पहचान पत्र, वर्दी या आधिकारिक अधिकार के निजी वाहनों को जबरन रोक रहे हैं और चालकों से पैसों की मांग कर रहे हैं। एक युवक बिना वर्दी और आईडी के पिकअप वाहन में घुसकर चालक को धमकाते हुए नजर आता है। वहीं वसूली में इस्तेमाल की जा रही एक बोलेरो गाड़ी के पीछे नंबर प्लेट तक नहीं है। गाड़ी में मौजूद व्यक्ति वर्दी में दिखाई देता है, लेकिन पूछे जाने पर अपनी पहचान या आईडी कार्ड दिखाने में असमर्थ रहता है।
सड़क सुरक्षा पर भी खतरा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह अचानक गाड़ियाँ रुकवाने से हाईवे पर आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। जब एक जागरूक नागरिक ने इसका विरोध करते हुए वीडियो बनाया, तो कथित दलालों की पोल खुल गई।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
इस खुलेआम वसूली पर शासन-प्रशासन की चुप्पी हैरान करने वाली है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों में बैठकर वसूली करने वालों को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है? क्या परिवहन विभाग ने इन लोगों को खुली छूट दे रखी है? हाईवे पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी के बावजूद यह गोरखधंधा लंबे समय से कैसे चल रहा है?
कार्रवाई की मांग
मामले में मांग की जा रही है कि वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ रंगदारी और धोखाधड़ी जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही रीवा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मामले का संज्ञान लेकर संबंधित आरटीओ अधिकारियों की भूमिका की विभागीय जांच करानी चाहिए।
प्रशासन से यह भी अपील की जा रही है कि अवैध वसूली के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि हाईवे पर आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें। यह देखना अब अहम होगा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन कब और क्या ठोस कदम उठाता है।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (22 फ़रवरी 2026)
खाद्य मंत्री बघेल ने उपभोक्ता संरक्षण विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिवस पर लखनपुर में विशेष पूजा-अर्चना, मंत्री राजेश अग्रवाल ने मरीजों को बांटे फल
51 फीट की दिव्य वनवासी श्रीराम की प्रतिमा ग्वालियर से रवाना
"समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश" के लक्ष्य को किया जा रहा है साकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
आश्रम-छात्रावास में ‘सीखो-सिखाओ, अंजोर फैलाओ’ कार्य संस्कृति के जरिए विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों से मुकाबला करने किया जा रहा तैयार