मथुरा।
मथुरा जनपद के थाना सुरीर क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 88 के पास हुए इस हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से कानपुर देहात जा रही एक यात्री बस शौचालय सहित अन्य आवश्यकताओं के लिए एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़ी की गई थी। इसी दौरान बस में सवार कई यात्री नीचे उतरकर बाहर खड़े थे। तभी पीछे से आ रहे एक डीसीएम (कंटेनर वाहन) ने तेज रफ्तार में खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पास खड़े छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यमुना एक्सप्रेस-वे प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्री शिवकांत दुबे को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायल यात्री का हालचाल जाना। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि घायल को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में सोनू (32) निवासी औरैया, देवेश (32) निवासी बस्ती, असलम (27) निवासी कन्नौज, संतोष (46) निवासी दिल्ली, अनुराग (27) निवासी औरैया तथा प्रमोद (35) निवासी फिरोजाबाद शामिल हैं। पुलिस द्वारा शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया। अन्य यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने एक्सप्रेस-वे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।